सुपेला के आकाश गंगा मार्केट में भीषण आग

छत्तीसगढ़ के दुर्ग सुपेला स्थित आकाश गंगा मार्केट इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एवन इलेक्ट्रॉनिक नाम की दुकान की दूसरी मंजिल से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते काले धुएं का गुबार आसमान में छा गया, जिसे दूर-दूर से साफ देखा जा सकता था।

दुकान में भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात ये रही कि समय रहते आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

हालांकि इस आगजनी की घटना में दुकान में रखा महंगा इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया है, जिससे लाखों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

वहीं, आग लगने के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन असली वजह जांच के बाद ही सामने आएगी।

प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के व्यापारियों से भी सतर्क रहने की अपील की गई है।

By editor