दुर्ग में आयोजित होने वाली NEET परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। परीक्षा से पहले कलेक्टर अभिजीत सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने जे.आर.डी. स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा नियंत्रकों और केंद्र प्रभारी से चर्चा कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA द्वारा जारी सभी नियमों और गाइडलाइंस का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक गड़बड़ी या नकल को रोकने के लिए प्रत्येक कक्षा में जैमर लगाए गए हैं। वहीं परीक्षा केंद्र के आसपास धारा 144 भी लागू रहेगी ताकि शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।
एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

