दुर्ग जिले के रिसाली क्षेत्र में बुजुर्ग दंपत्ति को हथियार दिखाकर लूट करने वाले आरोपी को नेवई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, घटना चार जुलाई की है, जब घर में अकेले मौजूद बुजुर्ग दंपत्ति के फ्लैट में एक युवक चेहरे पर कपड़ा बांधकर घुस गया। आरोपी ने धारदार हथियार दिखाकर दंपत्ति को डराया-धमकाया और सोने का नेकलेस लेकर फरार हो गया।
शिकायत मिलते ही नेवई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के निरीक्षण, गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 21 वर्षीय विभान्शु महोबिया को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से मंडला, मध्यप्रदेश का रहने वाला है और फिलहाल भिलाई में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, धारदार हथियार और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

