भिलाई-3 में युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी

भिलाई-3 के जीआरपी थाना क्षेत्र स्थित पुरैना स्टोर पारा में एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की लाश उसके ही घर में मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि 19 तारीख की रात दम चौक के पास 4 से 5 युवकों ने मृतक के साथ जमकर मारपीट की थी। लोगों का कहना है कि उसी घटना के बाद युवक की हालत बिगड़ गई और आज सुबह उसकी मौत हो गई। वहीं कुछ लोगों ने युवक की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका भी जताई है।

घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी प्रभारी श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने पूछताछ के लिए एक कथित युवक को हिरासत में लिया, लेकिन जैसे ही उसे वाहन में बैठाकर ले जाया जा रहा था, इलाके के लोग भड़क गए।

गुस्साई भीड़ ने पुलिस वाहन को रोक लिया और हिरासत में लिए गए युवक के साथ मारपीट करने की कोशिश की। कुछ देर के लिए पूरे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस टीम ने हालात को संभालते हुए युवक को सुरक्षित थाने पहुंचा दिया।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में युवक की मौत अधिक शराब सेवन और उल्टी होने की वजह से प्रतीत हो रही है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मारपीट, हत्या की आशंका और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

By editor