भिलाई छावनी थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले 17 वर्षीय नाबालिग ने दो सगी मासूम बहनों को खेलने के बहाने अपने घर बुलाकर पिछले करीब चार महीनों तक उनके साथ दुष्कर्म किया।

बताया जा रहा है कि आरोपी मासूम बच्चियों को बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाता था और वहां इस घिनौनी वारदात को अंजाम देता था। इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब एक बच्ची ने अचानक तेज दर्द की शिकायत की। इसके बाद परिजनों को शक हुआ और सच्चाई सामने आई।

पीड़ित पिता ने तुरंत भिलाई छावनी थाने में दोनों बच्चियों की अलग-अलग शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस देर रात दोनों बच्चियों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लेकर पहुंची।

सबसे भावुक करने वाला दृश्य तब सामने आया, जब डरी-सहमी बच्चियों का हौसला बनाए रखने के लिए उनका पिता अस्पताल में अपने साथ गुब्बारे और चॉकलेट लेकर पहुंचा, ताकि मासूम बच्चियां इस मुश्किल घड़ी में कुछ सहज महसूस कर सकें।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने की अपील की है।

By editor