भिलाई में देर रात बड़ा सड़क हादसा!

भिलाई के ईद गीहा चौक, अवंती बाई चौक के आगे मस्जिद के सामने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही का खौफनाक नजारा देखने को मिला। देर रात दो कारों के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। हादसा इतना भयानक था कि टक्कर के बाद एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाली में जा घुसी और पास में लगे बिजली के पोल से टकरा गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक कार रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आती दिखाई दी, जबकि दूसरी कार अपनी सही दिशा में जा रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।

बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल कार चला रहा युवक महज 19 साल का था। टक्कर के बाद उसकी कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं बिजली का पोल भी टूटकर झुक गया, जिससे आसपास के कई घरों और इमारतों की बिजली सप्लाई प्रभावित हो गई। दूसरी ओर महावीर टाइल्स के संचालक की बताई जा रही कार भी इस हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है।

हालांकि राहत की बात यह रही कि दोनों वाहन चालकों को गंभीर चोटें नहीं आईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। शुरुआती जांच में हादसे की बड़ी वजह रॉन्ग साइड ड्राइविंग और तेज रफ्तार मानी जा रही है, लेकिन पुलिस का कहना है कि जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ही हादसे की असली वजह साफ हो पाएगी।

लगातार बढ़ते सड़क हादसे एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर रहे हैं कि आखिर शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कब रुकेगी?

By editor