भिलाई के सुपेला इलाके में देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक बेकाबू कार ने पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को एक-एक कर जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि यहां रीसेल के लिए कई वाहन खड़े किए गए थे, तभी तेज रफ्तार कार अचानक पार्किंग में घुस गई और देखते ही देखते करीब नौ गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।
कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि पास लगा बिजली का पोल भी टूट गया। घटना के दौरान वहां मौजूद चौकीदार ने कार चालक को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने चौकीदार को ही कुचलने का प्रयास किया। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी चालक का नाम मनीष दुबे बताया जा रहा है, जो कैंप क्षेत्र का रहने वाला है। हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन सुपेला पुलिस ने कुछ ही घंटों में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

