दुर्ग नगर निगम के वार्ड क्रमांक 50, बोरसी भाटा में पहली ही बारिश ने प्रशासन के दावों की पोल खोल दी है। महज़ एक दिन की बारिश में पूरा इलाका जलमग्न हो गया और कई घरों में पानी घुसने से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी है। पिछले साल महापौर, आयुक्त और कलेक्टर से कई बार शिकायत की गई, लेकिन आज तक जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं हो सकी। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि सिर्फ मौके पर पहुंचकर फोटो खिंचवाते हैं और फिर लौट जाते हैं।
मामले ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है। पूर्व पार्षद ज्ञानेंद्र बंजारे ने आरोप लगाया है कि राजनीतिक द्वेष के चलते वार्ड की अनदेखी की जा रही है। लगातार हो रही बारिश और प्रशासनिक उदासीनता के बीच अब स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और वे जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।

