वैशाली नगर थाना क्षेत्र में देर रात उस वक्त भारी हड़कंप मच गया, जब पंजाब बार के सामने मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शराब के नशे में धुत कई लोगों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद जमकर मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान एक युवक पर बेरहमी से हमला किया गया और उसके गले में बीयर की बोतल फोड़कर घुसा दी गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कई युवक आपस में मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी हुई है।
फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस पूरे मामले की बारीकी से छानबीन कर रही है।

