भिलाई के शंकरा मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को तेज हवाओं ने भारी तबाही मचा दी। अचानक चली तेज आंधी के बीच कॉलेज परिसर में बना भारी-भरकम पार्किंग शेड भरभराकर नीचे गिर गया।
शेड गिरते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। पार्किंग में खड़े कई टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर वाहन शेड के नीचे दब गए, जिससे गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि घटना के वक्त वहां ज्यादा लोग मौजूद नहीं थे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
अब इस घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठने लगे हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक कमजोर निर्माण और तय मानकों की अनदेखी की वजह से शेड तेज हवाओं का दबाव नहीं झेल पाया और अचानक ढह गया।
घटना के बाद कॉलेज प्रबंधन मौके पर पहुंचा और देर रात तक मलबा हटाने का काम चलता रहा। फिलहाल क्षतिग्रस्त वाहनों को निकालने और पूरे मामले की जांच की तैयारी की जा रही है।

