गौ हत्या के विरोध में अनोखा आंदोलन

दुर्ग जिले में लगातार सामने आ रही गौ हत्या और गौ तस्करी की घटनाओं को लेकर अब विरोध तेज हो गया है। गो सेवा और संवर्धन प्रांत प्रमुख ओमेश बिसेन ने प्रशासन के खिलाफ अनोखा आंदोलन शुरू किया है।

कुम्हारी से कोसानाला गोटन और वहां से कलेक्ट्रेट तक पहुंचने के लिए ओमेश बिसेन दंडवत प्रणाम करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। हाथ में नारियल लिए भीषण गर्मी के बीच उनका यह कठिन सफर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। रास्ते भर बड़ी संख्या में लोग इस अनोखे प्रदर्शन को देखने पहुंच रहे हैं।

ओमेश बिसेन का आरोप है कि सुपेला और भिलाई क्षेत्र में लगातार गोवंश की हत्या और तस्करी की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन प्रशासन और संबंधित विभाग अब तक गंभीर कार्रवाई नहीं कर रहे। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो भिलाई नगर निगम ने और न ही जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई ठोस कदम उठाया।

उन्होंने गोटनों की बदहाल व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि गोवंश को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिसकी वजह से लगातार समस्याएं बढ़ रही हैं।

ओमेश बिसेन ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। वह रोज करीब 10 किलोमीटर तक दंडवत प्रणाम करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। इस दौरान उनकी टीम के सदस्य भी उनके साथ मौजूद हैं और पूरे आंदोलन में सहयोग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा और गौ हत्या व गौ तस्करी पर सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी। उनके मुताबिक यह आंदोलन सिर्फ आस्था का नहीं, बल्कि गोवंश की सुरक्षा और जनजागरण का अभियान है।

By editor