केंद्रीय धमधागढ़ गोंडवाना समाज इन दिनों भारी विवाद और अंदरूनी घमासान से गुजर रहा है। समाज के भीतर चुनावी प्रक्रिया को लेकर शुरू हुआ विवाद अब हाई कोर्ट तक पहुंच चुका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हाई कोर्ट ने वर्तमान चुनाव प्रक्रिया पर स्टे लगा दिया है, जिससे दोनों पक्षों को फिलहाल राहत मिली है।
वहीं दूसरी ओर, बढ़ते विवाद और गुटबाजी के बीच प्रशासन भी हरकत में आ गया है। कलेक्टर ने केंद्रीय गोंड महासभा में नए सिरे से निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने के निर्देश जारी किए हैं।
समाज के भीतर अब दो गुट आमने-सामने दिखाई दे रहे हैं। आदिवासी समाज का एक बड़ा वर्ग एमडी ठाकुर के समर्थन में उतर आया है और उन्हें अध्यक्ष पद पर बनाए रखने की मांग करते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया है।
दूसरी तरफ, विरोधी गुट के समर्थकों का गुस्सा भी खुलकर सामने आया। नाराज लोगों ने वर्तमान अध्यक्ष कमलेश ध्रुव का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।
समाज के कई लोगों का आरोप है कि पिछला चुनाव नियमों के खिलाफ और गलत तरीके से कराया गया था, जिसके कारण अब पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है। फिलहाल सभी की नजरें हाई कोर्ट के अगले फैसले और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

