BSP के 3 करोड़ स्क्रैप घोटाले में GST की एंट्री

भिलाई स्टील प्लांट के बहुचर्चित 3 करोड़ रुपये के स्क्रैप घोटाले में अब एक बड़ा मोड़ आ गया है। पुलिस कार्रवाई के बाद अब राज्य जीएसटी विभाग ने भी इस हाई-प्रोफाइल मामले में एंट्री कर ली है।

250 टन लोहा चोरी के इस मामले में अब सिर्फ स्क्रैप चोरी ही नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी और वित्तीय हेराफेरी की भी जांच शुरू हो गई है। जीएसटी विभाग ने प्लांट में स्क्रैप, फ्लू डस्ट और ट्रांसपोर्टेशन से जुड़े ठेके लेने वाली कई बड़ी कंपनियों को अपने राडार पर लिया है।

सूत्रों के मुताबिक, बीएसपी से जुड़े 12 से अधिक बड़े कारोबारियों की एक गोपनीय सूची तैयार की गई है। विभाग ने भिलाई-3 पुलिस और क्राइम ब्रांच से पूरी केस डायरी और जांच रिपोर्ट तलब की है, जिसके आधार पर संदिग्ध ठेकेदारों को नोटिस जारी कर पूछताछ की जाएगी।

गौरतलब है कि दुर्ग पुलिस इस मामले में बीएसपी के जीएम हिमांशु भूषण मलिक, इंजीनियरिंग एसोसिएट मनोज कुमार देवांगन समेत 15 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में खुलासा हुआ कि फ्लू डस्ट की आड़ में ट्रकों से कीमती लोहा बाहर निकाला जा रहा था।

पुलिस ने मास्टरमाइंड से जुड़े लॉकर से 50 लाख रुपये के जेवरात और 3 करोड़ रुपये से अधिक की बेनामी संपत्ति जब्त की है। अब जीएसटी विभाग की एंट्री के बाद माना जा रहा है कि इस पूरे मामले में कई बड़े ठेकेदारों और कारोबारी नेटवर्क पर भी शिकंजा कस सकता है।

By editor