दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। मजदूरी कर अपना जीवन यापन करने वाली महिला भगवंतीन साहू की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी हर्ष यादव और नितेश ठाकुर शराब के नशे में थे। दोनों ने पैसों का लालच देकर महिला को ई-रिक्शा के जरिए पुलगांव नाला के पास सुनसान जगह पर बुलाया। यहां उन्होंने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की।
महिला ने विरोध किया और पुलिस में शिकायत करने की बात कही। इसके बाद दोनों आरोपियों ने पहले गमछे से उसका गला घोंटा और फिर भारी पत्थर से सिर और चेहरे पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपी कपड़े बदलकर फरार हो गए, लेकिन दुर्ग पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल पत्थर और खून से सने कपड़े बरामद कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। इस सनसनीखेज मामले का खुलासा दुर्ग पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच से संभव हो सका।

