दुर्ग पुलिस का सबसे बड़ा साइबर क्रैकडाउन

दुर्ग पुलिस ने साइबर अपराधियों के मददगारों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़ा खुलासा किया है। दिल्ली के समन्वय पोर्टल से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर जिले के 3 हजार से ज्यादा संदिग्ध बैंक खातों को सीज कर दिया गया है, जबकि इस मामले में अब तक 165 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

ताजा कार्रवाई में पुलिस ने दो युवतियों समेत 6 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि ये लोग अपने बैंक खाते साइबर ठगों को किराए पर देकर हर महीने कमीशन ले रहे थे, जिनका इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी की रकम को इधर-उधर करने में किया जा रहा था।

दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने साफ कहा है कि ऐसे मामलों में बेहद गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि थोड़े से लालच में आकर अपना बैंक खाता किसी को भी न दें। ऐसा करना आपको सीधे साइबर अपराध का आरोपी बना सकता है और जेल की सलाखों तक पहुंचा सकता है।

By editor