दुर्ग पुलिस की ‘पिंक पेट्रोलिंग’ शुरू

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए दुर्ग पुलिस ने ‘पिंक पेट्रोलिंग’ अभियान की शुरुआत कर दी है। सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने 14 विशेष पिंक पेट्रोलिंग टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जिले के 13 थाना क्षेत्रों और एक रक्षा टीम सहित कुल 14 टीमें अब स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर, बाजार, मॉल, पार्क, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थानों पर नियमित गश्त करेंगी। हर टीम में चार पुलिसकर्मी और एक पीएसआई प्रभारी तैनात रहेगा।

महिला सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, डायल-112 और महिला हेल्पलाइन 1091 के माध्यम से तत्काल सहायता के साथ-साथ मनचलों और असामाजिक तत्वों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। दुर्ग पुलिस का कहना है कि महिलाओं, छात्राओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुरक्षित और भरोसेमंद माहौल तैयार करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

By editor