छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री के गृह जिला दुर्ग में अतिथि शिक्षक, यानी विद्यामितानों का अनिश्चितकालीन आंदोलन लगातार 9वें दिन भी जारी है। तेज धूप हो या बारिश, सैकड़ों शिक्षक अपनी मांगों को लेकर धरना स्थल पर डटे हुए हैं।
आंदोलनकारी शिक्षकों का कहना है कि वर्षों से शिक्षा व्यवस्था को मजबूती देने के बावजूद उन्हें आज तक नियमितीकरण, संविलयन और ‘समान काम के बदले समान वेतन’ का अधिकार नहीं मिला। उनका आरोप है कि सरकार बार-बार आश्वासन देती है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
आंदोलन को और तेज करते हुए आज प्रदर्शनकारी शिक्षकों ने अपने खून से मुख्यमंत्री के नाम पत्र लिखकर नियमितीकरण की मांग दोहराई। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हो सकतीं, तो उन्हें इच्छा मृत्यु की अनुमति दी जाए।
शिक्षकों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन इसी तरह लगातार जारी रहेगा।

