दुर्ग जिले के औद्योगिक क्षेत्र स्थित सिस्टम इंडिया कंपनी में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। फैक्ट्री में वेल्डिंग का काम कर रहे भिलाई के घासीदास नगर निवासी शिवकुमार सोनी की करीब 35 फीट ऊंचाई से गिरने के कारण मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, शिवकुमार ने महज एक सप्ताह पहले ही कंपनी में काम शुरू किया था। सोमवार शाम वह ऊंचाई पर चढ़कर वेल्डिंग कर रहे थे, तभी जिस शीट पर वह खड़े थे, वह अचानक टूट गई। संतुलन बिगड़ते ही वह सीधे नीचे कंक्रीट फर्श पर गिर पड़े। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जामुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अब यह जांच की जा रही है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, और क्या वेल्डर को सेफ्टी बेल्ट समेत आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे। हादसे के बाद फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

