लगातार हो रही भारी बारिश के चलते दुर्ग जिले में शिवनाथ नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिला सेनानी नगरसेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं श्री नागेन्द्र कुमार सिंह ने नदी के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया।
महमरा एनीकट पर पानी करीब चार फीट ऊपर बह रहा है, जबकि गुरुद्वारा के पास स्थित पुराने पुल पर जलस्तर खतरे के निशान से महज पांच फीट नीचे पहुंच गया है। प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। वहीं ईंट भट्टा संचालकों को मजदूरों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए SDRF की रेस्क्यू टीम को 24 घंटे अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

