भिलाई के स्मृति नगर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पति, उसकी पहली पत्नी और दूसरी पत्नी के बीच चल रहा विवाद उस वक्त खूनी मोड़ पर पहुंच गया, जब दूसरी पत्नी अपने परिजनों के साथ पहली पत्नी के घर जा पहुंची।
जानकारी के मुताबिक, लक्की सरदार ने पहली पत्नी शीतल वर्मा से अलग होने के बाद साल 2025 में परी खान से प्रेम विवाह किया था। लेकिन दूसरी पत्नी परी खान को लगातार शक था कि लक्की अब भी अपनी पहली पत्नी के संपर्क में हैं। इसी शक ने पूरे परिवार को हिंसा की आग में झोंक दिया।
आरोप है कि 2 जुलाई की रात परी खान अपनी बहन मुस्कान और जीजा राहुल यादव के साथ शीतल के घर पहुंची। इस दौरान लक्की सरदार भी उनके साथ मौजूद था। पहले शीतल के साथ मारपीट की गई और फिर उन पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने की कोशिश की गई। हालांकि शीतल ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचा ली।
पीड़िता की शिकायत पर स्मृति नगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए परी खान, मुस्कान और राहुल यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं मामले का मुख्य आरोपी लक्की सरदार अभी भी फरार है, जिसकी तलाश लगातार जारी है।
इधर मामले में नया मोड़ तब आया, जब गिरफ्तार होने से पहले परी खान ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि शीतल के पक्ष के कुछ लोगों ने उनके साथ भी मारपीट की थी। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है।
फिलहाल तीन आरोपी सलाखों के पीछे हैं, जबकि इस पूरे विवाद का मुख्य किरदार लक्की सरदार पुलिस की पकड़ से दूर है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि फरार आरोपी कब गिरफ्तार होगा और इस पूरे मामले में आगे कौन से नए खुलासे सामने आते हैं।

