शिक्षा विभाग में शराबखोरी का मामला!

खैरागढ़ के विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जुड़ा एक मामला अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है। कार्यालय परिसर में रात के समय शराब सेवन किए जाने के आरोप में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

बताया जा रहा है कि इस मामले को मीडिया में प्रमुखता से उठाया गया था, जिसके बाद विभाग हरकत में आया। आरोप है कि कार्यालय परिसर में देर रात शराबखोरी की जा रही थी। मामले के सामने आने के बाद जांच शुरू हुई, हालांकि जांच के दौरान आरोपियों को बचाने की कोशिश किए जाने की चर्चा भी रही।

कार्रवाई की जद में आए कर्मचारियों में सहायक ग्रेड-02 रविन्द्र सिंह गहरवार और प्रधान पाठक सुनील कुमार वर्मा शामिल हैं। दोनों पर कार्यालय परिसर में अनुशासनहीनता और शराब सेवन करने के आरोप लगे हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल के.पी. साव ने विभागीय जांच के आदेश दिए और दोनों कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।

अब इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और कार्यालयों में अनुशासन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। वहीं विभागीय जांच में आगे और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

By editor