भिलाई के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में रास्ता रोककर लूटपाट करने वाले आरोपियों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई लाल रंग की मोटरसाइकिल भी जप्त कर ली है, जबकि मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक प्रार्थी उमेश सिंह परमार स्कूटी से अपने काम से लौट रहे थे। इसी दौरान सुंदर नगर के पास आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने पहले उन्हें डराया-धमकाया और फिर जान से मारने की धमकी देते हुए उनके पास रखी नकदी और जरूरी दस्तावेज लूट लिए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
पीड़ित की शिकायत के बाद वैशाली नगर पुलिस तुरंत हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण तकनीकी सबूत मिले, जिसके आधार पर मुख्य आरोपी सूरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने एक नाबालिग को भी पकड़ा है, जो वारदात में शामिल बताया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाल रंग की मोटरसाइकिल जप्त कर ली है। वहीं फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी सूरज कुमार को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की पूरी जांच जारी है।

