दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टेबाजी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हैदराबाद में पैनल चला रहे मास्टरमाइंड कुणाल वर्मा समेत 13 सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से ऑनलाइन सट्टा कारोबार में हड़कंप मच गया है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी हाईटेक तरीके से आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 9 लैपटॉप, 46 मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है। इसके साथ ही अलग-अलग बैंक खातों में करीब 5 करोड़ रुपए के भारी ट्रांजेक्शन का भी पता चला है।
जांच में यह भी सामने आया कि सटोरिये गरीब और स्लम एरिया में रहने वाले लोगों के नाम पर 25-25 हजार रुपए देकर बैंक खाते खुलवाते थे। इन खातों का इस्तेमाल सट्टे की रकम के लेन-देन में किया जाता था, जिन्हें पुलिस भाषा में ‘म्यूल अकाउंट’ कहा जाता है।
दुर्ग पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध के तहत मामला दर्ज किया है। अब पुलिस सभी आरोपियों की संपत्ति, बैंकिंग नेटवर्क और पूरे सट्टा सिंडिकेट की कड़ियां खंगालने में जुटी हुई है।
पुलिस के मुताबिक जिन बैंक खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था, उनमें पहले से ही 63 साइबर शिकायतें दर्ज हैं। खास बात यह है कि आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ दुर्ग पुलिस की यह 14वीं बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

