दुर्ग निगम घेराव में कांग्रेस का बड़ा हल्लाबोल

दुर्ग नगर निगम को लेकर सोमवार को कांग्रेस ने जोरदार हल्लाबोल प्रदर्शन किया। सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पार्षदों और स्थानीय लोगों के साथ कांग्रेस नेताओं ने निगम कार्यालय का घेराव कर भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान माहौल उस वक्त गरमा गया जब कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़कर अंदर जाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी देखने को मिली। हालांकि भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हालात को नियंत्रित कर लिया गया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि दुर्ग नगर निगम भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी का केंद्र बन चुका है। शहर के कई वार्डों में पेयजल संकट, सफाई व्यवस्था, टूटी सड़कें और पेंशन जैसी समस्याओं से लोग परेशान हैं, लेकिन निगम प्रशासन सिर्फ दिखावटी कामों में व्यस्त है।

प्रदर्शन में पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व विधायक अरुण वोरा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल और ग्रामीण अध्यक्ष राकेश ठाकुर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार होने के बावजूद जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए भटक रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर व्यवस्थाएं नहीं सुधरीं तो कांग्रेस का आंदोलन और उग्र होगा।

वहीं महापौर अलका बाघमार ने कांग्रेस के आरोपों को राजनीतिक करार दिया। उन्होंने कहा कि निगम लगातार पानी सप्लाई, विकास कार्य और पेंशन प्रक्रिया पर काम कर रहा है, लेकिन कांग्रेस सिर्फ दबाव की राजनीति कर रही है।

इधर SDM उत्तम ध्रुव ने बताया कि कांग्रेस ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा, जिसके बाद सभी को समझाइश देकर वापस भेज दिया गया।


By editor