दुर्ग जिले से एक बड़ी और गंभीर खबर सामने आ रही है, जहां वन्य जीवों के अवैध शिकार का मामला उजागर हुआ है। दिनांक 7 अप्रैल 2026 को वन विभाग दुर्ग और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए धमधा क्षेत्र के ग्राम दनिया में छापेमारी की।

इस कार्रवाई के दौरान दो हनुमान लंगूर, जिनका वैज्ञानिक नाम Semnopithecus entellus है, के शिकार का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इन निर्दोष वन्य जीवों को एयर गन से निशाना बनाया गया, जिससे उनकी मौत हो गई।

आपको बता दें कि हनुमान लंगूर Hanuman langur भारत में संरक्षित प्रजातियों में शामिल हैं और इनका शिकार पूरी तरह प्रतिबंधित है। यह मामला Wildlife Protection Act 1972 की अनुसूची-2 के अंतर्गत आता है, जिसमें ऐसे अपराधों के लिए सख्त सजा का प्रावधान है।

वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अजय पटेल, निवासी ग्राम दनिया को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39 और 51 के तहत वन अपराध प्रकरण क्रमांक 6983/17 दर्ज किया गया है।

पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और 21 अप्रैल 2026 तक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया है।

इस घटना के सामने आने के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की वन्य जीवों से जुड़ी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

यह घटना एक बार फिर से यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर कब तक हमारे संरक्षित वन्य जीव इस तरह के अवैध शिकार का शिकार होते रहेंगे।

By editor