भिलाई सेक्टर-7 में गंदे पानी से 20+ बच्चे बीमार

दुर्ग से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां भिलाई के सेक्टर-7 इलाके में अचानक बड़ी संख्या में बच्चे बीमार पड़ गए हैं। जानकारी के मुताबिक, 20 से ज्यादा बच्चों की तबीयत खराब होने की खबर है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।

बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से पाइपलाइन के जरिए गंदे पानी की सप्लाई की जा रही थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पानी का रंग और गंध दोनों ही असामान्य थे, लेकिन इसके बावजूद मजबूरी में लोगों को वही पानी इस्तेमाल करना पड़ा।

इस गंदे पानी के सेवन के बाद बच्चों में उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी शिकायतें सामने आई हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि सभी बच्चों की हालत फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है और उनका इलाज घर पर ही कराया जा रहा है।

आपको बता दें कि भिलाई के सेक्टर इलाके Bhilai Steel Plant Township के अंतर्गत आते हैं, जहां पानी की सप्लाई संयंत्र के वाटर सप्लाई विभाग द्वारा की जाती है। ऐसे में इस पूरे मामले ने टाउनशिप की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए Bhilai Municipal Corporation के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी लगातार बीएसपी टाउनशिप के अधिकारियों के संपर्क में हैं। स्वास्थ्य प्रभारी लक्ष्मीपति राजू ने बताया कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

उधर बीएसपी टाउनशिप प्रशासन ने भी पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पानी में किस तरह की गड़बड़ी हुई है।

फिलहाल इलाके के लोगों में डर और नाराजगी का माहौल है और वे जल्द से जल्द साफ पानी की सप्लाई बहाल करने की मांग कर रहे हैं।

By editor