कुम्हारी में दो दिवसीय किसान मेले का भव्य आयोजन

छत्तीसगढ़ के कुम्हारी में छत्तीसगढ़ युवा प्रगतिशील किसान संघ के द्वारा आयोजित दो दिवसीय किसान सम्मेलन और किसान मेले का भव्य आयोजन किया गया।
इस किसान मेले में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शिरकत की।

मंच पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सहित जिले के तमाम विधायक, जनप्रतिनिधि और किसान संघ के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

इस दो दिवसीय किसान मेले में छत्तीसगढ़ के प्रगतिशील किसानों द्वारा कुल 108 स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से किसानों ने अपनी उन्नत कृषि तकनीक, आधुनिक खेती के तरीके और कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों को प्रदर्शित किया।

मेले में हाइब्रिड बीज, खेती में उपयोग होने वाली आधुनिक दवाइयों, कृषि यंत्रों और विभिन्न प्रकार की मशीनों का लाइव प्रदर्शन किया गया, जिससे किसानों को नई तकनीकों की प्रत्यक्ष जानकारी मिल सके।

इसके साथ ही किसानों ने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा कृषि क्षेत्र में दी जा रही योजनाओं और उनके लाभों को भी अपने-अपने माध्यम से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों के हित में लगातार योजनाएं चला रही हैं।
उन्होंने कहा कि किसान देश की रीढ़ है और यदि किसान उन्नत होगा, तो देश भी निश्चित रूप से उन्नति करेगा।

केंद्रीय मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

वहीं किसान संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतिवर्ष इस प्रकार के किसान मेले का आयोजन इसलिए किया जाता है, ताकि किसानों को उन्नत कृषि की तकनीक से जोड़ा जा सके और उन्हें आधुनिक खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।

कुल मिलाकर कुम्हारी में आयोजित यह दो दिवसीय किसान मेला किसानों के लिए सीख, संवाद और उन्नति का एक मजबूत मंच साबित हुआ।

By editor