झाड़-फूंक के नाम पर लाखों की ठगी का खुलासा

थाना छावनी क्षेत्र में झाड़-फूंक और पूजा-पाठ के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपियों को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि 21 जनवरी 2026 को प्रार्थी संजय अठवानी, उम्र 37 वर्ष, निवासी सिंधी कॉलोनी स्टेशन रोड दुर्ग द्वारा थाना छावनी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

प्रार्थी ने बताया कि कुछ दिन पूर्व दो अज्ञात व्यक्ति उसकी दुकान पर सायकल देखने के बहाने आए थे। बातचीत के दौरान उन्होंने उसका मोबाइल नंबर लिया और अपना नाम “राजू” बताया। इसके बाद आरोपियों द्वारा लगातार फोन कर प्रार्थी की मां की खराब तबीयत की जानकारी ली गई और झाड़-फूंक व पूजा-पाठ से इलाज कराने का झांसा दिया गया।

दिनांक 16 जनवरी 2026 को प्रार्थी को पावर हाउस फल मार्केट के पास बुलाया गया, जहां एक महिला के साथ मिलकर देवी पूजा के नाम पर नारियल और 1100 रुपये लिए गए तथा मां के पूर्ण रूप से स्वस्थ होने का विश्वास दिलाया गया।

इसके बाद आरोपियों ने प्रार्थी को अपनी मां के सोने के आभूषण और नगद राशि मंदिर में रखने की बात कही। 20 जनवरी 2026 को रेलवे स्टेशन पावर हाउस भिलाई के पास बुलाकर आरोपियों ने चार नग सोने के कंगन, जिनका वजन लगभग 60 ग्राम और अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये है, साथ ही 8 लाख रुपये नगद ले लिए और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद आरोपियों के मोबाइल बंद हो गए, जिस पर प्रार्थी ने थाना छावनी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 43/2026 धारा 318(4) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और सूचना तंत्र के माध्यम से आरोपियों की पतासाजी करते हुए उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र निवासी बाबूलाल, उम्र 45 वर्ष एवं जिला हाथरस निवासी गीता राय को गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों के कब्जे से लगभग 8 लाख रुपये नगद, मोबाइल फोन और कीपैड फोन जप्त किए गए हैं। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के नाम पर किसी भी प्रकार के झांसे में न आएं तथा इस तरह की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

By editor