हिन्दू युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष श्रीकुमार नायर की सहमति ,संगठन महामंत्री राजेश शर्मा की अनुमति और प्रदेश संयोजक गोविंद राज नायडू के निर्देश पर हिंदू युवा मंच भिलाई महानगर द्वारा नगर निगम भिलाई में व्याप्त भ्रष्टाचार, अनियमितताओं एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं के निराकरण को लेकर आज “हल्ला बोल” कर उग्र आंदोलन किया गया। यह आंदोलन सुपेला चौक से भिलाई नगर निगम कार्यालय तक निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में हिन्दू युवा मंच के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि 26 दिसंबर 2025 को हिन्दू युवा मंच भिलाई महानगर द्वारा नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार के विभिन्न मामलों को लेकर आयुक्त श्री राजीव कुमार पांडे जी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया था। उस दौरान आयुक्त द्वारा शीघ्र जांच एवं आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था। किंतु 24 दिनों से अधिक समय बीत जाने के बावजूद किसी भी बिंदु पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे हिन्दू युवा मंच के कार्यकर्ताओं में भारी रोष व्याप्त है। हिन्दू युवा मंच का कहना है कि नगर निगम भिलाई में प्लेसमेंट कर्मचारियों को ईएसआई-पीएफ से वंचित रखना, वर्षारोपण, पेवर ब्लॉक, तालाब सौंदर्यीकरण, शिक्षा कर, ठेका वितरण, अवैध शुल्क वसूली जैसे गंभीर मामलों पर निगम प्रशासन की चुप्पी भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का प्रमाण है। इन्हीं कारणों से पूर्व चेतावनी के अनुरूप आज 20 जनवरी 2026, मंगलवार को हिन्दू युवा मंच द्वारा उग्र आंदोलन किया गया। हिन्दू युवा मंच के कार्यकर्ताओं ने निगम प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की एवं दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। हिन्दू युवा मंच भिलाई महानगर ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं उग्र रूप देने के लिए बाध्य होगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी। इस आंदोलन में हिन्दू युवा मंच भिलाई महानगर के जिला महामंत्री अमित पुरोहित, प्रभारी सुरेन्द्र जैन, महानगर अध्यक्ष कमल रणदीवे, संयोजक अमिताभ वर्मा, महामंत्री विश्वामूर्ति तिवारी, वैशालीनगर अध्यक्ष अजय यादव, रिसाली अध्यक्ष कृष्णा चौहान, सोनू साव, नंदलाल प्रसाद, रुद्र मिश्रा, करण, एस.के. पांडेय, नितेश त्रिपाठी, प्रशांत त्रिपाठी, सुधांशु कोसे सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे यह जानकारी संगठन के सम्पर्क प्रमुख प्रिंस तिवारी द्वारा दी गई।
नगर निगम भिलाई में भ्रष्टाचार के खिलाफ हिन्दू युवा मंच का ‘हल्ला बोल’

