दरअसल संतोषी पारा निवासी राजकुमारी देवांगन रोज़ की तरह सेक्टर–4 स्थित एसबीआई में अपना काम निपटाने के बाद घर लौट रहीं थीं। लेकिन सेक्टर–1 सीआईएसएफ कार्यालय के सामने अचानक एक आक्रामक सुअर ने उन पर हमला कर दिया।
हमला इतना तेज़ था कि महिला संभल भी नहीं पाईं और देखते ही देखते उनकी उंगलियों की त्वचा तक फट गई। सिर्फ इतना ही नहीं—महिला के सिर, चेहरे और पीठ पर भी गंभीर चोटें आई हैं।
इसी बीच, पास के मैदान में क्रिकेट खेल रहे बच्चों ने जब महिला की चीखें सुनीं, तो बिना किसी डर के वे तुरंत मौके पर पहुंचे। बच्चों ने मिलकर बहादुरी दिखाते हुए सुअर को वहां से भगा दिया और महिला की जान बचाई।
घटना की जानकारी मिलते ही घायल महिला की बहन मौके पर पहुंची और तुरंत उसे सुपेला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया है।
इस घटना के बाद सेक्टर–1 और करीब के बैंक कैंपस इलाके के लोग दहशत में हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि लगातार बढ़ते आवारा जानवरों के खतरे से निपटने के लिए प्रशासन को जल्द ठोस कदम उठाने चाहिए।

