बस स्टैंड से 16 बच्चों का रेस्क्यू

दुर्ग पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुर्ग बस स्टैंड से 16 बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। इनमें 7 बच्चे नाबालिग हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी बच्चे बैगा जनजाति से हैं। इन्हें काम दिलाने के बहाने कचनुदर मॉडर्न एग्रो फार्म ले जाया जा रहा था, जबकि कुछ बच्चों को उत्तर प्रदेश में 15 हजार रुपये महीने की नौकरी का लालच दिया गया था।

रेस्क्यू के दौरान सभी बच्चे सुबह से भूखे-प्यासे और परेशान हालत में मिले। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फार्म के मैनेजर रमेश को हिरासत में ले लिया है।

फिलहाल सीडब्ल्यूसी बच्चों के बयान दर्ज कर रही है। परिजनों को दुर्ग बुलाया गया है और रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

By editor