नगर पालिक निगम भिलाई के जोन-3 केम्प 2 वार्ड क्रमांक 33 संतोषी पारा में समृद्वि बाजार पर हुए अवैध कब्जे पर निगम को मिली शिकायत के आधार पर बेदखली की कार्यवाही की गई। अवैध कब्जो की शिकायत लगातार वार्ड पार्षद एन. शैलजा द्वारा की गई थी। इस भूमि का स्वामित्व विलोचन साव द्वारा खुद का बताया जा रहा था। परन्तु आज दिनांक तक भू-स्वामित्व कहने वाले कथित व्यक्ति द्वारा किसी भी प्रकार का भू स्वामित्व होने का वैध दस्तावेज निगम को प्रस्तुत नहीं किया गया। जिसे देखते हुए बुधवार को आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय की मौजूदगी में कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, निगम एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा अवैध अतिक्रमण धारियों को मौके से बेदखल करने की कार्यवाही की गई। वार्ड 33 संतोषी पारा में स्थित पुराने समृद्वि बाजार के स्थल को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पीएम आवास बनाने के लिए चिन्हांकित किया गया है। आगामी समय में शासन को प्रस्ताव भेजा जाना है, स्वीकृति पश्चात इस स्थल पर पीएम आवास का निर्माण प्रारंभ कर दिया जाएगा।

