लखनऊ हादसे के बाद छत्तीसगढ़ में अलर्ट!

लखनऊ में कोचिंग संस्थान में लगी भीषण आग में 15 छात्रों की मौत के बाद छत्तीसगढ़ सरकार सतर्क हो गई है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्य शासन के निर्देश पर दुर्ग जिले में कोचिंग संस्थानों की जांच शुरू कर दी गई है।

दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह और एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने सिविक सेंटर स्थित कई कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सामने आया कि अधिकांश संस्थानों में फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है।

कई कोचिंग सेंटरों में अग्निशमन यंत्र नहीं मिले, तो कई जगह आपातकालीन निकास मार्ग की व्यवस्था भी नहीं थी। फायर अलार्म सिस्टम, विद्युत सुरक्षा और प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मियों की भी कमी पाई गई।

प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी संस्थानों को नोटिस जारी कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जल्द ही आवश्यक व्यवस्थाएं नहीं की गईं, तो संबंधित संस्थानों को सील करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे इस अभियान से कोचिंग संस्थानों में हड़कंप मच गया है। अब सभी की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। दुर्ग जिले में फायर सेफ्टी मानकों का पालन नहीं करने वाले कोचिंग संस्थानों पर प्रशासन की कार्रवाई जारी है। जांच के बाद कई संस्थानों को नोटिस जारी किया गया है, वहीं कुछ को सील करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।

इस बीच कोचिंग संचालकों का कहना है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करेंगे और सभी आवश्यक फायर सेफ्टी मानकों को पूरा करने के बाद ही संस्थानों का संचालन दोबारा शुरू किया जाएगा। संचालकों ने भरोसा दिलाया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जरूरी व्यवस्थाएं जल्द पूरी की जाएंगी।

वहीं प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि सुरक्षा नियमों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जब तक फायर सेफ्टी, आपातकालीन निकास और अन्य सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन नहीं होगा, तब तक संबंधित संस्थानों को संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई किसी को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि हजारों विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है। आने वाले दिनों में जिले के अन्य कोचिंग संस्थानों की भी जांच जारी रहेगी।

By editor