भिलाई में युवा कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन

भिलाई में आज युवा कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के प्रदेश मंत्री जुल्फिकार सिद्दीकी के नेतृत्व में सेक्टर-7 चौक से रेल चौक तक कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और प्रतीकात्मक ‘फेलियर अवार्ड’ लेकर रैली निकाली।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। उनका कहना है कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और शहरों में चाकूबाजी जैसी घटनाएं आम होती जा रही हैं। महिलाओं की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े किए गए, वहीं जल, जंगल और जमीन के संरक्षण को लेकर सरकार को घेरा गया।

युवा कांग्रेस ने ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी के बढ़ते प्रभाव को भी गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि इसकी वजह से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार विकास के बजाय विनाश की दिशा में आगे बढ़ रही है।

रैली के दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अब बदलाव का समय आ गया है और आने वाले समय में प्रदेश की जनता इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

By editor