दुर्ग से बड़ी ब्रेकिंग—भिलाई इस्पात संयंत्र के पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन नंबर 2 यानी PBS-2 में आज अचानक गैस पाइपलाइन लीकेज के बाद आग लग गई। यह घटना आईसीएल के ठीक सामने हुई, जहां पाइपलाइन में तेज़ दबाव के चलते गैस लगातार रिसाव कर रही थी, और कुछ ही सेकंड में रिसाव आग की तेज़ लपटों में बदल गया।
PBS-2 को सीधे कोक ओवन से गैस सप्लाई मिलती है, और इसी गैस से संयंत्र के कई विभागों की मशीनें संचालित होती हैं। अचानक हुए इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत तुरंत गैस सप्लाई काट दी गई और प्रोडक्शन अस्थायी रूप से रोक दिया गया।
सूचना मिलते ही बीएसपी के दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की। तेज़ दबाव के कारण गैस का रिसाव जारी था, जिससे आग पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। लेकिन त्वरित कार्रवाई के चलते स्थिति बिगड़ने से पहले ही लपटों को नियंत्रित कर लिया गया।
फिलहाल राहत की बात यह है कि इस हादसे में अभी तक किसी भी प्रकार के हताहत होने की सूचना नहीं है। संयंत्र प्रबंधन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है, वहीं प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करने के बाद मरम्मत का काम भी शुरू कर दिया गया है।

