दुर्ग के पोटिया क्षेत्र में निर्माणाधीन चर्च को लेकर शुरू हुआ विवाद अब और गहराता जा रहा है। सोमवार को संयुक्त मसीह समाज छत्तीसगढ़ के बैनर तले बड़ी संख्या में लोगों ने पद्मनाभपुर थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि चर्च परिसर में घुसकर समाज की महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उनका कहना है कि धार्मिक स्थल में इस तरह की घटना बर्दाश्त नहीं की जा सकती और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं, प्रदर्शन के दौरान धर्मांतरण के आरोपों को भी खारिज किया गया। समाज के लोगों ने कहा कि उनका ईसा मसीह में विश्वास है और इसे धर्मांतरण से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।
इधर, दुर्ग के एडिशनल एसपी मणिशंकर चन्द्रा ने स्पष्ट किया है कि जिस मामले में कार्रवाई की मांग की जा रही है, उसमें पुलिस पहले ही एफआईआर दर्ज कर चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन से आम जनता को परेशानी हो रही है और कानून व्यवस्था बिगड़ने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पोटिया चर्च विवाद को लेकर शहर में चर्चा तेज है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

