दुर्ग–भिलाई में ठंड ने इस सप्ताह अपनी तेज़ दस्तक दे दी है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री गिरकर 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से पूरे 5.5 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने शीतलहर की चेतावनी जारी करते हुए साफ कहा है कि अगले तीन दिनों में तापमान तेजी से गिरकर 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
इस बदलते मौसम के चलते रात और सुबह की ठिठुरन और अधिक बढ़ने की संभावना जताई गई है।
इधर, दिन का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री दर्ज किया गया है, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक है। यानी दिन में धूप चुभ रही है, जबकि रात में सर्दी लगातार तेज होती जा रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर की ओर से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं के चलते दुर्ग संभाग शीतलहर की चपेट में रहेगा।
ठंड से राहत के लिए नगर निगम ने शहर के प्रमुख स्थानों पर प्रतिदिन अलाव जलाने की व्यवस्था शुरू कर दी है। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, जिला चिकित्सालय, प्रमुख चौक और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अलाव नियमित रूप से जलाए जा रहे हैं। अतिक्रमण अधिकारी परमेश्वर कुमार ने बताया कि रात के समय अलाव व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।
इधर कोहरे का असर भी बढ़ने लगा है। रात के वक्त कई इलाकों में घना कोहरा छाने के कारण दृश्यता कम हो रही है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन आने वाले दिनों में स्कूलों के समय में बदलाव कर सकता है। दिसंबर मध्य से समय परिवर्तन की संभावना जताई जा रही है।
मौसम रिकॉर्ड बताते हैं कि पिछले वर्षों में भी दुर्ग का तापमान 5 से 7 डिग्री तक गिर चुका है, और इस बार भी हालात उसी दिशा में बढ़ रहे हैं। दिसंबर के अंत और जनवरी की शुरुआत में ठिठुरन और बढ़ने का अनुमान है।

