दुर्ग जिले में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुम्हारी थाना पुलिस ने खारून नदी रेलवे ब्रिज के नीचे घेराबंदी कर एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर अवैध हथियारों का सौदा करने की फिराक में वहां पहुंचा था। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, दो लाख रुपये नगद और मोबाइल फोन बरामद किया है।
बताया जा रहा है कि पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि खारून नदी के किनारे रेलवे ब्रिज के नीचे एक संदिग्ध युवक सफेद बोरी लेकर खड़ा है। सूचना में यह भी बताया गया कि युवक किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है और उसके पास अवैध हथियार मौजूद हैं। सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस हरकत में आई और तत्काल टीम गठित कर मौके के लिए रवाना हुई।
पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। जब पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो सफेद बोरी के अंदर से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और बड़ी मात्रा में नगदी बरामद हुई।
पकड़े गए आरोपी की पहचान रायपुर के कबीर नगर निवासी अविनाश आष्टिकर के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी बरामद हथियार और नगदी से जुड़े कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने तत्काल हथियार, कारतूस, नकदी और मोबाइल फोन को जप्त कर लिया।
मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह हथियार किसे बेचने वाला था, उसका नेटवर्क किन लोगों से जुड़ा है और दो लाख रुपये की नकदी आखिर कहां से आई।
पुलिस अब आरोपी के मोबाइल फोन और उसके संपर्कों की भी जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी किसी बड़े अवैध हथियार गिरोह से जुड़ा हो सकता है। वहीं इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप का माहौल है।
दुर्ग पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियारों और अपराध पर लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

