कुम्हारी में सिलेंडर ब्लास्ट से बड़ा हादसा

दुर्ग जिले के कुम्हारी क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां कथित तौर पर बिजली विभाग की लापरवाही ने एक ही परिवार के चार लोगों की जान ले ली।

जानकारी के मुताबिक, कुम्हारी के खपरी गांव में बिजली विभाग की मेन लाइन के पोल पर ओवरलोड के कारण भीषण शॉर्ट सर्किट हुआ। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी पास के एक कच्चे मकान तक पहुंच गई और देखते ही देखते घर आग की लपटों में घिर गया।

आग लगने के कुछ ही देर बाद घर में रखा गैस सिलेंडर भी जोरदार धमाके के साथ फट गया। हादसा इतना भयावह था कि घर के अंदर मौजूद अनिल वैष्णव, चांदनी वैष्णव, लक्ष्मी और डेढ़ साल की मासूम गोपिका को संभलने तक का मौका नहीं मिला और चारों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसी बिजली पोल पर पहले भी शॉर्ट सर्किट और ओवरलोड की शिकायत की गई थी, लेकिन विभाग ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की।

इस हादसे पर प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel ने सीधे तौर पर सरकार और बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराते हुए लापरवाह अधिकारियों पर FIR दर्ज करने की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवार को 50-50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई है।

वहीं मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने प्रत्येक मृतक के लिए 5 लाख रुपये और जिला प्रशासन ने 4 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

घटना की सूचना मिलते ही मंत्री, सांसद, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। दुर्ग SSP विजय अग्रवाल और कलेक्टर ने जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

By editor