भिलाई इस्पात संयंत्र में कथित लोहा और स्क्रैप चोरी का मामला अब सियासी और सुरक्षा के मुद्दे में बदलता नजर आ रहा है।
वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने संगठित चोरी के खिलाफ मोर्चा खोला है। बताया जा रहा है कि उनकी पहल के बाद सेल विजिलेंस ने मामले की जांच शुरू की है।
इसी बीच सोशल मीडिया पर विधायक को धमकी देने वाला एक कमेंट सामने आया, जिसमें दावा किया गया कि उनके पीछे लोहा चोर हैं और यूपी-बिहार के शूटर ड्यूटी पर लगाए गए हैं।
हालांकि, विधायक रिकेश सेन ने धमकी के बावजूद पीछे हटने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि देश की संपत्ति को लूटने वालों के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
विधायक ने तंज कसते हुए यहां तक कह दिया कि यूपी-बिहार से शूटर भी आएंगे, तो बंदूक छोड़कर उन्हें गले लगा लेंगे।
अब इस पूरे मामले में विजिलेंस जांच और कथित धमकी को लेकर भिलाई में सियासी पारा चढ़ गया है।

