भिलाई में वरिष्ठ नागरिकों के लिए “दिल तो बच्चा है जी” थीम पर आयोजित होने जा रहे सियान महोत्सव का आगाज़ हो गया है। सोमवार को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय ने महोत्सव के पोस्टर का विमोचन किया।
इस महोत्सव में 50 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागी तीन वर्गों—जूनियर, सीनियर और सुपर सीनियर—में निशुल्क भाग ले सकेंगे। सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
15 अगस्त से शुरू होने वाले इस महोत्सव में बैडमिंटन, सिंगिंग, वादन, नृत्य, कैरम, लूडो, पेंटिंग, रंगोली, म्यूजिकल चेयर, मेगा हाउजी और रस्साकशी जैसी कई प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। वहीं 22 अगस्त को स्वामी विवेकानंद भवन, स्मृति नगर में ग्रैंड फिनाले और पुरस्कार वितरण समारोह होगा।
कार्यक्रम के संयोजक राजीव चौबे, ललित मोहन और रोहन सिंह ने वरिष्ठ नागरिकों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। पोस्टर विमोचन के दौरान आयोजन समिति के सदस्य राजीव चौबे , ललित मोहन , संदीप चौधरी , हेमंत टापरे, रोहित धवले , कैलाश ठाकुर , नम्रता सेन , जिया फ़रिश्ता आदि उपस्थित रहे ।

