VO SCRIPT
भिलाई के चर्चित खुशी साहू हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के बाद फरार चल रहे आरोपी पिंटू साहू को पुलिस ने रायपुर के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को रामनगर स्थित उसी किराए के कमरे में लेकर पहुंची, जहां वारदात को अंजाम दिया गया था। यहां पुलिस ने आरोपी से पूरे घटनाक्रम का क्राइम सीन रीक्रिएट कराया और बाद में कड़ी सुरक्षा के बीच उसका जुलूस भी निकाला।
पुलिस जांच में आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन उसने खुशी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी। इसके बाद वह सीधे उसके कमरे पर पहुंचा और मौका मिलते ही पहले गला घोंटा, फिर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी बाइक से रायपुर की ओर फरार हो गया था।
जांच में सामने आया है कि 19 वर्षीय फार्मेसी छात्रा खुशी साहू बेमेतरा की रहने वाली थी और भिलाई में पढ़ाई के साथ नौकरी भी करती थी। आरोपी पिछले कई दिनों से अलग-अलग नंबरों से उसे परेशान कर रहा था और शादी का दबाव बना रहा था। पुलिस के मुताबिक, एकतरफा प्यार और सनक ने इस दिल दहला देने वाली वारदात को जन्म दिया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

