दुर्ग में युवती की चाकू मारकर हत्या

दुर्ग से इस वक्त एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक युवती की चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान खुशी साहू के रूप में हुई है, जो बेमेतरा जिले के बेरला की रहने वाली थी और वैशाली नगर में किराए के कमरे में रहकर एक कैफे में काम करती थी।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर कुछ युवकों ने खुशी को घेर लिया और उस पर लगातार चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत डायल-112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को सुपेला अस्पताल पहुंचाया। लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतका की रूममेट, कैफे के कर्मचारियों और अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी हुई है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

By editor