पुलिस को खुला चैलेंज, एक ही घर में तीन बार चोरी!

दुर्ग के सुपेला थाना क्षेत्र के कातुल बोर्ड इलाके में चोरी की लगातार तीन घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि जिस घर को चोरों ने निशाना बनाया, उसके आसपास बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी रहते हैं और कुछ ही दूरी पर एसटीएफ तथा पुलिस बटालियनों की कॉलोनियां मौजूद हैं।

वार्ड क्रमांक 60 निवासी माया गुरुम के घर में पहली चोरी मार्च महीने में हुई, जब वे मंदिर गई हुई थीं। महज एक घंटे के भीतर चोर घर में घुसे और 70 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

इसके बाद 16 जून को चोरों ने दूसरी और सबसे बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया गया। पीड़िता के मुताबिक चोरी गए सामान की कीमत 15 लाख रुपये से अधिक है।

लगातार चोरी से परेशान महिला ने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए, लेकिन चोरों के हौसले इतने बुलंद थे कि आठ दिन बाद तीसरी बार फिर घर में घुस गए। इस बार कीमती सामान नहीं मिलने पर वे डिनर सेट, बर्तन और अन्य घरेलू सामान ले गए। इतना ही नहीं, सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी का डीवीआर भी अपने साथ ले उड़े।

पति के निधन के बाद अकेले रह रही माया गुरुम का कहना है कि उन्होंने अपने नाती के भविष्य के लिए वर्षों से गहने और सामान संजोकर रखा था, जिसे चोर ले गए। लगातार हो रही घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

By editor