दुर्ग पुलिस को ऑनलाइन जुआ-सट्टा नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है।
खुर्सीपार पुलिस और साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में तीन अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आईटीआई मैदान के पास दबिश देकर अजय मिश्रा, दीपक कुमार और करण कुमार सिंह को रंगे हाथों पकड़ा।
आरोपियों के कब्जे से 81 एटीएम कार्ड, 62 बैंक पासबुक, 5 चेकबुक, 13 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप सहित करीब ढाई लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी गरीब और जरूरतमंद लोगों को पैसों का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन बेटिंग ऐप “अन्ना रेड्डी” के करोड़ों रुपये के लेन-देन को छिपाने के लिए किया जाता था।
पुलिस के मुताबिक आईपीएल सीजन के दौरान यह पूरा नेटवर्क झारखंड के रांची से संचालित किया जा रहा था। फिलहाल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

