दुर्ग जिले में नकली सोना बेचकर लोगों को ठगने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। उतई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो लोगों को जमीन में गड़ा खजाना मिलने की झूठी कहानी सुनाकर अपने जाल में फंसाते थे।

आरोपी खुद को खजाना मिलने का दावा करते और बाजार भाव से बेहद कम कीमत पर सोने के बिस्किट बेचने का लालच देते थे। लालच में आकर कई लोग इनके झांसे में आ जाते और मोटी रकम देकर नकली सोना खरीद लेते थे।

पुलिस जांच में आरोपियों के कब्जे से एक किलो 242 ग्राम नकली सोना, एक सिक्का, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार बरामद की गई है। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचकर पूरी साजिश का खुलासा किया।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सस्ते सोने या खजाना मिलने जैसी बातों के प्रलोभन में आकर किसी भी तरह का लेन-देन न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

By editor