दुर्ग में धान घोटाले का बड़ा खुलासा!

दुर्ग जिले में धान खरीदी व्यवस्था में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। जिले की 68 सहकारी समितियों के भौतिक सत्यापन में रिकॉर्ड और वास्तविक भंडारण के बीच 27 हजार 900 क्विंटल धान का अंतर पाया गया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये बताई जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर अभिजीत सिंह ने सभी संबंधित समिति प्रभारियों को चार दिन का अल्टीमेटम दिया है। निर्देश दिए गए हैं कि या तो गायब धान जमा करें या उसकी राशि सरकारी खाते में जमा कराएं, अन्यथा एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सबसे बड़ी गड़बड़ी धमधा समिति में मिली है, जहां 4 हजार 646 क्विंटल धान कम पाया गया। धमधा और जामगांव आर समिति के प्रभारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा चुका है।

जांच में धान उठाव और परिवहन व्यवस्था में भारी अव्यवस्था भी सामने आई है। वहीं ननकट्टी समिति के प्रभारी ने कमी की राशि जमा कर दी है। प्रशासन अब पूरे मामले की गहन जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की तैयारी में है।

By editor