पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel के गृह ग्राम बेलौदी में रविवार को फूड पॉइजनिंग का बड़ा मामला सामने आया है। साप्ताहिक बाजार में ठेले से चाट और गुपचुप खाने के बाद करीब 25 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
बीमारों में 19 महिलाएं, 2 पुरुष और 4 बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं। सभी को उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरंत हरकत में आई।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. भुनेश्वर कठौतिया के नेतृत्व में डॉक्टरों और मितानिनों की टीम गांव पहुंची और घर-घर जाकर सर्वे शुरू किया गया। प्रभावित लोगों की पहचान कर मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज के अनुसार, फिलहाल 23 मरीजों का इलाज गांव में ही जारी है, जबकि 2 गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए पाटन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया है। कुछ मरीजों को गाड़ाडीह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी भर्ती कराया गया है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि समय रहते मेडिकल टीम के पहुंचने से स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। वहीं लोगों से अपील की गई है कि गर्मी के मौसम में खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों और बासी खाने से बचें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही गंभीर बीमारी का कारण बन सकती है।

