दुर्ग से एक प्रेरणादायक और देशभक्ति से ओत-प्रोत खबर सामने आ रही है, जहां शहीद दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा द्वारा भव्य मशाल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली के माध्यम से अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए युवाओं ने देशभक्ति का संदेश दिया।
भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस मशाल रैली में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। हाथों में जलती मशालें और दिलों में देशप्रेम की भावना लिए युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
यह रैली दुर्ग के पटेल चौक से प्रारंभ होकर शहीद चौक तक पहुंची, जहां सैकड़ों कार्यकर्ता एकत्रित हुए और देश के वीर सपूतों को नमन किया। 23 मार्च 1931 को देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के बलिदान को याद करते हुए पूरे माहौल में देशभक्ति की लहर दौड़ गई।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि इन महान क्रांतिकारियों ने अपने साहस और बलिदान से पूरे देश में स्वतंत्रता की ज्योति प्रज्वलित की थी। आज की युवा पीढ़ी उनके बताए मार्ग पर चलकर देश को आगे बढ़ाने का संकल्प ले रही है।
इस अवसर पर आयोजित सभा में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, दुर्ग भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक और महापौर अलका बाघमार की विशेष उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने शहीदों के योगदान को याद करते हुए युवाओं को उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
रैली में शामिल युवाओं ने एक स्वर में देशभक्ति के नारे लगाए और संकल्प लिया कि वे शहीदों के सपनों का भारत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

