दुर्ग जिले में इस बार होली का त्योहार पूरी सख्ती और चौकसी के साए में मनाया जाएगा। हुड़दंगियों और कानून तोड़ने वालों के लिए साफ संदेश है — इस बार किसी को बख्शा नहीं जाएगा। दुर्ग पुलिस ने त्योहार से पहले ही अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं और अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
होली के मद्देनज़र अवैध शराब बेचने वाले कोचियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। जिले के अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर अवैध शराब जब्त की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि त्योहार की आड़ में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
साथ ही, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी। पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा और जो भी व्यक्ति नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा जाएगा, उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हुड़दंग और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए दुर्ग पुलिस ने जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। जिले के प्रमुख चौक-चौराहों सहित 30 फिक्स पॉइंट बनाए गए हैं, जहां पुलिस जवान सुबह से ही मुस्तैदी के साथ तैनात रहेंगे।
इतना ही नहीं, पड़ोसी जिलों से आने-जाने वाले लोगों की बॉर्डर पर गहन जांच की जा रही है। संदिग्ध वाहन चालकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को पहले ही रोका जा सके।
दुर्ग जिले के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है, ताकि भीड़भाड़ वाले इलाकों पर पैनी नजर रखी जा सके।
पुलिस ने हथियार लेकर घूमने वालों को सख्त चेतावनी दी है। यदि किसी के पास लाइसेंसी हथियार है तो उसे थाने के बाहर रखे गए निर्धारित बॉक्स में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया जाएगा।
इसके अलावा 70 से अधिक गुंडा-बदमाशों को पुलिस कंट्रोल रूम बुलाकर समझाइश दी गई है। उनके फिंगरप्रिंट स्कैन किए गए हैं और उन्हें सख्त हिदायत दी गई है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में शामिल न हों।
जिला प्रशासन और दुर्ग पुलिस की पूरी तैयारी यही सुनिश्चित करने की है कि होली का पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ संपन्न हो। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे कानून का पालन करें और त्योहार को मर्यादा में रहकर मनाएं।
दुर्ग पुलिस का स्पष्ट संदेश है — होली खुशियों की हो, हुड़दंग की नहीं।

